Home » , » प्रियंका चोपड़ा का जवाब नहीं

प्रियंका चोपड़ा का जवाब नहीं


फिल्म स्टार्स की कुछ फिल्में कई कारणों से बीच में रूक जाती है, लंबे समय में पूरी होती है या वर्षों बाद रिलीज होती है। कई कलाकारों ने अपने संघर्ष के दिनों में किसी फिल्म में काम किया होता है और वर्षों बाद जब वो फिल्म रिलीज होने की कगार पर होती है तो वे बड़े स्टार बन चुके होते हैं। ऐसे वक्त ये स्टार अपनी फिल्म को रिलीज होने से रोकते हैं या कोई सहयोग नहीं करते हैं। अपने संघर्ष के दिनों में की गई फिल्म स्टार बन जाने पर उन्हें बड़ी बुरी लगती है। उन्हें शर्मिंदगी होती है। इमेज का खयाल आता है। लेकिन प्रियंका चोपड़ा इनमें से नहीं हैं। 
Priyanka chopra
प्रियंका ने गोविंदा के साथ वर्षों पहले केसी बोकाड़िया की फिल्म ‘दीवाना मैं दीवाना’ की थी। कुछ कारणों से फिल्म रिलीज नहीं हो पाई। प्रियंका और गोविंदा तो उस फिल्म के बारे में भूल चुके थे। कई हिट फिल्म बना चुके केसी बोकाड़िया का वक्त सही नहीं चल रहा है इसलिए यह मान लिया गया था कि यह फिल्म रिलीज नहीं हो पाएगी। 

अचानक केसी बोकाड़िया ने घोषणा कर दी कि वे फिल्म 14 सितंबर को रिलीज करेंगे। उसी दिन प्रियंका चोपड़ा की ‘बर्फी’ भी रिलीज होने वाली है। बोकाड़िया की इस हरकत से प्रियंका हैरान रह गईं क्योंकि बोकाड़िया ने फिल्म की रिलीज को लेकर प्रियंका से कोई बात भी नहीं की।

प्रियंका ने खुद बोकाड़िया से बात की और बोकाडिया ने उनकी बात मानते हुए फिल्म की रिलीज आगे बढ़ा दी। अब फिल्म 28 सितंबर को रिलीज होगी। प्रियंका ने उस पुरानी फिल्म में जान डालने के लिए बोकाड़िया के आगे एक आइटम सांग डालने का प्रस्ताव भी रखा, जिसकी पिछले दिनों उन्होंने शूटिंग भी की। इसके बोल हैं ‘काला डोरिया’। प्रियंका का मानना है कि आइटम नंबर की वजह से फिल्म में थोड़ी ताजगी आ जाएगी। 

प्रियंका के इस कदम से बोकाड़िया चकित रह गए। उन्हें यकीन नहीं हुआ कि स्टार बन चुकी प्रियंका उनकी इस तरह से मदद करेगी। वे तो ‘बर्फी’ के सामने ही अपनी फिल्म रिलीज कर रहे थे।

मुसीबत से घिरे निर्माता की मदद कर प्रियंका ने साबित किया है कि स्टारडम का नशा उन्हें अभी तक नहीं चढ़ा है।

Share this article :

0 comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.